स्व. हजारी सिंह मौर्य की स्मृति में बनेगा भव्य प्रवेश द्वार, विधायक सुशील सिंह ने किया शिलान्यास

 

चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छत्तेम में रविवार को स्वर्गीय हजारी सिंह मौर्य की स्मृति में बनने वाले भव्य प्रवेश द्वार का भूमि पूजन एवं शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ने नारियल फोड़कर एवं विधि-विधान से भूमि पूजन कर किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि स्वर्गीय हजारी सिंह मौर्य ने अपना जीवन समाज सेवा और गांव के विकास के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में बनने वाला यह प्रवेश द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान और आदर्शों की याद दिलाता रहेगा।

विधायक ने कहा कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रवेश द्वार का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने ग्रामवासियों एवं मौर्य परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रवेश द्वार गांव की पहचान के साथ-साथ स्वर्गीय हजारी सिंह मौर्य के सम्मान का प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, भाजपा मंडल अध्यक्ष, मौर्य समाज के गणमान्य नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में विधायक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।