चंदौली के बेटे ने बढ़ाया गांव का मान! अग्निवीर बनकर लौटे सत्यम प्रजापति का ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत

 चंदौली के धानापुर ब्लॉक के रनपुर गांव निवासी सत्यम प्रजापति के अग्निवीर में चयन पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। समाजसेवी पंकज सिंह ने युवाओं को प्रेरित करने की बात कही।
 
 अग्निवीर बनकर गांव लौटे सत्यम प्रजापति का भव्य स्वागत, युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत

चंदौली। धानापुर विकासखंड के रनपुर गांव के होनहार युवा सत्यम प्रजापति के अग्निवीर में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल है। पहली बार गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सत्यम की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।

समाजसेवी पंकज सिंह के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में ग्रामीणों ने कहा कि सत्यम प्रजापति की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर अग्निवीर में चयन हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है।

समाजसेवी पंकज सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी गांव के ऐसे मेधावी और सफल युवाओं का सम्मान किया जाएगा ताकि अन्य छात्र-छात्राएं भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें।

सत्यम प्रजापति किसान परवल प्रजापति के पुत्र हैं। उनकी सफलता से गांव के युवाओं में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि सत्यम की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी और अधिक से अधिक युवा सेना सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आगे आएंगे।

स्वागत समारोह में नीतीश सिंह, बोधगया, मिशन जायसवाल, दीपक प्रजापति (नाटे), किशन, सोनू प्रजापति, लालता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।