केशवपुर ग्राम सभा में सफाई व्यवस्था ठप! गंदगी से बढ़ा संक्रमण का खतरा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण चंदौली के केशवपुर गांव में स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है। कचरे के बढ़ते स्तर से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
चंदौली। जनपद के विकासखंड सदर अंतर्गत केशवपुर ग्राम सभा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। बीते एक महीने से गांव में सफाई कर्मी की अनुपस्थिति के चलते हालात बदतर होते जा रहे हैं। गलियों, सड़कों, विद्यालय परिसर और मिनी सचिवालय तक कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ती गंदगी के कारण गांव में संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। बावजूद इसके संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कृष्णा कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO), ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और पंचायत राज विभाग को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में नियुक्त सफाई कर्मी परमानंद वर्तमान में मुख्य विकास अधिकारी के आवास पर कार्यरत हैं, जिसके कारण गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
वहीं ग्राम प्रधान लच्छो देवी ने भी अधिकारियों को पत्र लिखकर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मी की गैरमौजूदगी के कारण गांव में गंदगी का अंबार लग गया है और लोग बीमार पड़ने लगे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में सफाई कर्मी की तैनाती नहीं की गई, तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।