सकलडीहा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 108 शिकायतों में 10 का मौके पर निस्तारण
चंदौली। चंदौली जनपद की सकलडीहा तहसील में जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की।
तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक कर सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित पेंशन योजना जैसी लाभार्थी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही भूमि विवाद और निर्विवाद वरासत जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि समाधान दिवस के दौरान कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें भूमि, विकास, सिंचाई, विद्युत और पुलिस विभाग से संबंधित सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि आईजीआरएस (Integrated Grievance Redressal System) के माध्यम से सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए बीबी सिंह, उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, जिला पंचायती राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।