समाजवादी पार्टी ने दया गोंड को बनाया प्रदेश उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

 

चंदौली। समाजवादी पार्टी ने संगठन विस्तार और अनुसूचित जनजाति समाज को मजबूत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जनपद चंदौली के सक्रिय समाजसेवी एवं पार्टी कार्यकर्ता दया गोंड को समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ (उत्तर प्रदेश) की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। इस मनोनयन से चंदौली जनपद के समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जारी मनोनयन पत्र के अनुसार यह नियुक्ति समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर की गई है। मनोनयन पत्र समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवि गोंड 'बड़कू' द्वारा जारी किया गया है।

मनोनयन पत्र में आशा व्यक्त की गई है कि दया गोंड पार्टी की नीतियों और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं गतिशील बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही अनुसूचित जनजाति समाज की समस्याओं और अधिकारों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद दया गोंड ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल एवं अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवि गोंड 'बड़कू' का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। संगठन की मजबूती, समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने के लिए वे पूरी तत्परता से कार्य करेंगे। दया गोंड के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत होने की सूचना मिलते ही चंदौली सहित आसपास के क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। समर्थकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ को नई ऊर्जा मिलेगी तथा संगठन का जनाधार और मजबूत होगा।