सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव, पेयजल और शौचालय की बदहाली से यात्री परेशान

 चंदौली के सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। खराब हैंडपंप, गंदे शौचालय और टूटी सीटों से यात्री परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
 

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन–पटना रेलखंड पर स्थित सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं बदहाल होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है।

यात्रियों के अनुसार स्टेशन परिसर में लगे दो-तीन हैंडपंप और पानी के नल लंबे समय से खराब पड़े हैं। ऐसे में विशेषकर गर्मी के मौसम में यात्रियों को पीने के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मजबूरी में लोगों को बोतलबंद पानी खरीदकर यात्रा करनी पड़ रही है।

स्टेशन पर बने शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। कई सीटें टूटी हुई हैं और नियमित साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी फैली हुई है। महिला यात्रियों को इस वजह से सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यवसायी अन्नू जायसवाल, विनीत सिंह, अजय सिंह और सरोज राय सहित अन्य लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।

इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक सुधीर कुमार ने बताया कि स्टेशन की समस्याओं की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक स्वीकृति मिलते ही पेयजल और शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।