सैयदराजा व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, विधायक सुशील सिंह बोले- व्यापारियों की सुरक्षा मेरी जिम्मेदारी

चंदौली के सैयदराजा में व्यापार मंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। विधायक सुशील सिंह ने व्यापारियों की सुरक्षा और हितों की रक्षा का भरोसा दिया। कार्यक्रम में प्रदेश व जिला पदाधिकारी भी शामिल हुए।
 

चंदौली। सैयदराजा नगर पंचायत स्थित दुल्हन पैलेस में सैयदराजा व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह रहे, जिन्होंने व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुशील सिंह, प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री रमेश अग्रहरि, जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि, प्रदेश मंत्री चंदेश्वर जायसवाल तथा नगर पंचायत अध्यक्ष आभा जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए संगठन की एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य हर व्यापारी के हितों की रक्षा करना है और संगठन जिले के प्रत्येक व्यापारी के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

प्रदेश मंत्री चंदेश्वर जायसवाल ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वह स्वयं को व्यापारियों से अलग नहीं मानते, बल्कि व्यापार मंडल परिवार का सदस्य समझते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है और किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय या उत्पीड़न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से निर्भीक होकर कारोबार करने और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे उनसे संपर्क करने की अपील की।

प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री रमेश अग्रहरि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल प्रदेश स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने का कार्य कर रहा है और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष सतनाम सिंह ने मुख्य अतिथि, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों तथा उपस्थित सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य लोग शामिल हुए।