कमालपुर में दुकान से 20 हजार रुपये चोरी, जांच में जुटी पुलिस
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के कमालपुर में चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए 20 हजार रुपये नकद पार कर दिए। घटना से ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले मेराज अंसारी को आर्थिक नुकसान हुआ है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेराज अंसारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे तक परिवार के लोग जाग रहे थे। इसके बाद सभी सो गए। सुबह करीब छह बजे जब उनकी पत्नी तमन्ना खातून दुकान खोलने पहुंचीं तो पेटी खुली मिली और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि पेटी में रखे 20 हजार रुपये गायब हैं।
पीड़ित के अनुसार, चोर ई-रिक्शा पर चढ़कर दुकान की लकड़ी की खिड़की को धकेलते हुए अंदर दाखिल हुए और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। मेराज अंसारी ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च उठाते हैं। परिवार में उनकी पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। ऐसे में नकदी चोरी होने से परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
घटना के बाद कमालपुर चौकी की पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठे। बताया गया कि चौकी प्रभारी जयकरन सरोज ने शुरुआत में चोरी की जानकारी होने से इनकार किया। बाद में सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक लल्लन प्रसाद और हेड कांस्टेबल विजय कुमार को जांच के लिए भेजा गया। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल पीड़ित को चोरी गई रकम की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत भी महसूस की जा रही है।