चन्दौली में सख्ती: जबरन वाहन खींचने पर दर्ज होगा लूट का मुकदमा
चन्दौली। जनपद में माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की मनमानी पर अब पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में आयोजित बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि रिकवरी के नाम पर किसी भी तरह की गुंडई या जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर समेत जिले की विभिन्न माइक्रो फाइनेंस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान फाइनेंस कंपनियों की गतिविधियों की समीक्षा की गई और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई एजेंट या कर्मचारी ईएमआई न देने पर वाहन मालिक के साथ अभद्रता करता है, डराता-धमकाता है या जबरन गाड़ी खींचता है, तो उसके खिलाफ सीधे लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हाल ही में ऐसे ही एक मामले में केस दर्ज होने की भी जानकारी दी गई।
फाइनेंस कंपनियों को निर्देश दिया गया कि वे केवल कानूनी प्रक्रिया के तहत ही रिकवरी करें। किसी भी विवाद की स्थिति में खुद कार्रवाई करने के बजाय तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क करें और कानून को हाथ में न लें।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि माइक्रो फाइनेंस एजेंसियां अपने सभी कलेक्शन एजेंटों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। इससे अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और आम लोगों को सुरक्षा मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों ने एजेंसियों के प्रतिनिधियों की समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में वे सीधे पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर सकते हैं।