चंदौली में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी, सभी सरकारी अस्पताल हाई अलर्ट पर
चंदौली में बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। जिला अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी टीम, ORS काउंटर और विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
सीएमओ युगल किशोर राय ने लोगों से अपील की है कि दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें और अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें।
चंदौली। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और जिला अस्पतालों में विशेष व्यवस्थाएं लागू कर दी गई हैं ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को तत्काल राहत और उपचार मिल सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) युगल किशोर राय ने बताया कि बढ़ती गर्मी और मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला अस्पताल में अलग से रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाया गया है, ताकि मरीजों को लंबी लाइन और परेशानियों का सामना न करना पड़े। साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए पंखा, कूलर और एसी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अस्पतालों में इमरजेंसी टीम एक्टिव
सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी अस्पतालों में इमरजेंसी मेडिकल टीम को सक्रिय कर दिया गया है। गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा अस्पतालों में ORS काउंटर भी बनाए गए हैं, जहां लोगों को निःशुल्क ORS उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएमओ ने जारी की एडवाइजरी
मुख्य चिकित्साधिकारी युगल किशोर राय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बढ़ते तापमान को देखते हुए यथासंभव घर से बाहर निकलने से बचें। उन्होंने विशेष रूप से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो पूरे शरीर को ढककर निकलें और खाली पेट घर से बाहर न जाएं। लोगों को अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।
सीएमओ ने लोगों से फिलहाल मांस, मछली और अत्यधिक मसालेदार भोजन से परहेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाहर निकलते समय अपने साथ ठंडा पानी जरूर रखें और प्यास लगते ही पानी पीते रहें, ताकि डिहाइड्रेशन और लू जैसी समस्या से बचा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त दवाइयों और मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था कर दी गई है।