चंदौली में विधायक निधि से बनी RCC सड़क में एक दिन में पड़ी दरार, ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
चंदौली। जिले के धानापुर कस्बे में मिश्रान टोला से रायपुर जाने वाले मार्ग पर विधायक निधि से बनाई जा रही आरसीसी सड़क निर्माण शुरू होने के महज एक दिन बाद ही जगह-जगह दरारें पड़ने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर लोगों ने सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया।
इससे पहले ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग को लेकर सड़क निर्माण रुकवा दिया था। उनका कहना था कि बिना नाली के सड़क बनने से नाबदान का पानी निकलना मुश्किल हो जाएगा। हालांकि शाम को ठेकेदार ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान नाली के चैंबर तोड़ दिए गए, जिससे जल निकासी की समस्या और गंभीर हो गई। उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया, लेकिन समय रहते समाधान नहीं किया गया।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि सड़क में आई दरारों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण में मानकों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में नाली का निर्माण भी कराया जाएगा ताकि जल निकासी की समस्या न रहे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और लोगों को टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके।