दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए नई कार्यकारिणी गठित, रविशंकर मिश्रा बने प्रबंधक
चंदौली (बबुरी)। थाना क्षेत्र के हसनपुर-कम्हरिया स्थित त्रिपुर सुंदरी महाशक्तेश्वरी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार रविशंकर मिश्रा को प्रबंधक तथा रामचंद्र प्रसाद को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यकारिणी में शंकर जायसवाल को महामंत्री, राजन गुप्ता को मंत्री, अभिषेक जायसवाल को उपमंत्री तथा जयप्रकाश को संरक्षक बनाया गया। बाबूनंदन शर्मा को आय-व्यय निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा विकास सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों का भी मनोनयन किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शारदीय नवरात्र के अवसर पर चार दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया जाएगा। महोत्सव के दौरान मां दुर्गा का भव्य श्रृंगार, प्रतिदिन आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति की ओर से बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रसाद वितरण और सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग से दर्शन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
प्रबंधक रविशंकर मिश्रा ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एकता और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना भी है।