हलुआ गांव में सड़क निर्माण को लेकर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जांच की मांग की
चंदौली। सदर ब्लॉक अंतर्गत हलुआ ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि देवेंद्र सिंह के मकान से प्राथमिक विद्यालय तक सड़क निर्माण के लिए विधायक निधि से कार्य स्वीकृत हुआ था। इसके लिए शिलापट्ट भी लगाया गया, लेकिन मौके पर सड़क का निर्माण दिखाई नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित सड़क के स्थान पर भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश के बाद रास्ते में पानी जमा होने से छोटे-छोटे बच्चों को पानी से होकर प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण से संबंधित शिलापट्ट दूसरी जगह लगाकर कार्य पूरा दिखाए जाने की आशंका है।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में अनियमितता की आशंका जताते हुए पूरे मामले की मौके पर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि स्वीकृत सड़क का वास्तविक निर्माण हुआ है या केवल कागजों में कार्य पूरा दिखाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार वे जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की गहन जांच कराने और संबंधित स्थान पर सड़क का निर्माण कराने की मांग करेंगे। मांग पूरी नहीं होने पर मामले को मुख्यमंत्री तक ले जाने की चेतावनी भी दी गई है। अब जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।