चंदौली में पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ, 976 बूथों पर बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
चंदौली। जनपद में रविवार को पल्स पोलियो अभियान के तहत व्यापक स्तर पर टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के 976 पोलियो बूथों पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई गई।
अभियान का शुभारम्भ बाबा किनाराम चिकित्सा महाविद्यालय, चंदौली स्थित मुख्य पोलियो बूथ पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई एवं राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया।
इस अवसर पर डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था। हालांकि, पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण की संभावित आशंका को देखते हुए समय-समय पर देशभर में पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, ताकि बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. ए.के. दूबे, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक सिंह, यूनिसेफ के मंडलीय समन्वयक आलोक कुमार राय, जेएसआई के राकेश सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि जिन बच्चों को बूथ पर पोलियो की खुराक नहीं मिल सकी है, उन्हें अभियान के दौरान घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम को अवश्य दवा पिलाने दें, ताकि प्रत्येक बच्चा पोलियो से सुरक्षित रह सके।