चलती ट्रेन में चढ़ना पड़ा भारी, पीडीडीयू जंक्शन पर महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरी, लोको पायलट की सूझबूझ से बची जान
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। चलती दून एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला अचानक संतुलन खो बैठी और प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच बने गैप में गिर गई। मौके पर मौजूद यात्रियों के शोर मचाने और लोको पायलट की सतर्कता के चलते समय रहते ट्रेन रोक दी गई, जिससे महिला की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दून एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना हो चुकी थी। इसी दौरान करीब 56 वर्षीय महिला दौड़ते हुए ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगी। जल्दबाजी में उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म व कोच के बीच जा गिरी। घटना देखते ही यात्रियों ने तुरंत शोर मचाकर लोको पायलट को सतर्क किया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने मिलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में महिला के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन चलने के बाद उसमें चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय की सराहना की, जिसकी वजह से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।