50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

 

चंदौली। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं, पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स तथा त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गुणवत्तापूर्ण निर्माण, समयबद्धता और योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

प्रभारी जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था और सरकारी भवनों से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय बढ़ाकर लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा।

बैठक में क्षय रोग चिकित्सालय भवन निर्माण कार्य में शिथिलता तथा काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, चकिया के निर्माण में देरी पर संबंधित कार्यदायी संस्था पर नाराजगी व्यक्त की गई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को डीएफसीसीसी से जुड़े ऊपरगामी सेतु निर्माण कार्य तय समय में मानक के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज स्थापना के निर्माण कार्य में प्रगति लाने तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धानापुर के निर्माण में लापरवाही पर भी गहरी नाराजगी जताई गई।

प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों से नियमित प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, बंधी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास सहित विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।