संविधान दिवस पर भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम, कैबिनेट मंत्री संजीव गौड़ ने बताई संविधान की महत्ता

 

चंदौली। संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव गौड़ ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके मूल्यों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संजीव गौड़ ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार देता है। संविधान में अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों का भी उल्लेख है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए और उनका सम्मान करे।

भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान की मूल भावना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुरेश मौर्य ने किया, जबकि समापन संबोधन पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने किया। कार्यक्रम के संयोजन में जैनेंद्र कुमार, हरिश्चंद्र अग्रहरि, राकेश मिश्रा, राजीव कुमार, कुंदन सिंह, विवेक कुमार यादव, सुनील श्रीवास्तव, राजेश सिंह, पुष्पांजलि, शैलेंद्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह चंदेल, धनंजय सिंह, रंजन शाह, संजय गुप्ता, त्रिलोकी प्रसाद, आशु गुप्ता, रिंकू विश्वकर्मा और गंगा राम साहनी की भूमिका रही।

इस अवसर पर भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।