चंदौली में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियां तेज, घर-घर होगी जांच

 

चंदौली, 24 सितंबर। जनपद में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान की तैयारियों के संबंध में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान से जुड़े विभागों की जिम्मेदारियां तय करते हुए आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की सभी गतिविधियां निर्धारित समय-सारणी के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि जनकल्याण से जुड़े इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अभियान के माइक्रो प्लान की जानकारी निचले स्तर के कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान घर-घर जाकर लक्षणयुक्त मरीजों की जानकारी जुटाई जाएगी। आशा कार्यकर्ता ANM के सहयोग से मरीजों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर दर्ज करेंगी। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं को घरों के आसपास मच्छरों के लार्वा पनपने वाले स्थानों की जांच करने और उन्हें नष्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान की गतिविधियों और माइक्रो प्लान से संबंधित प्रविष्टियां CS Pro App पर समयबद्ध तरीके से दर्ज की जाएंगी। अधिकारियों ने अभियान की प्रगति की लगातार निगरानी करने और किसी भी कमी या त्रुटि पर तत्काल जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

बैठक में डेंगू, मलेरिया समेत अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई, मच्छरों से बचाव और बीमारी के लक्षणों के प्रति सजग करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (VBD), CHC और PHC के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा मलेरिया विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।