चंदौली में अतिक्रमण और अवैध ऑटो स्टैंड पर पुलिस का बड़ा अभियान, 30 से अधिक ऑटो सीज
चंदौली/मुगलसराय। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर मुगलसराय बाजार में अतिक्रमण, अवैध ऑटो स्टैंड और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बुधवार को व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा को सौंपी गई, जिनके नेतृत्व में यातायात पुलिस ने बाजार क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े ऑटो, ठेले और यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 30 से अधिक ऑटो सीज किए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूर्व में कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
कार्रवाई शुरू होते ही ऑटो चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई चालक पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए थाने के पीछे वाले मार्ग से वाहन लेकर निकलते दिखाई दिए। पुलिस की सख्ती से पूरे मुगलसराय बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि अवैध पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान यातायात निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार यह विशेष अभियान देर शाम तक जारी रहेगा।