चंदौली में अवैध डीजल कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 हजार लीटर डीजल बरामद
चंदौली। जनपद में अवैध डीजल कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 हजार लीटर डीजल बरामद किया है। सैयदराजा थाना पुलिस ने एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी अभियान चलाकर तीन वाहनों को कब्जे में लिया और पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार बरामद डीजल बिहार राज्य ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच की, जिसमें भारी मात्रा में अवैध डीजल बरामद हुआ। जब्त किए गए डीजल की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक अवैध तरीके से डीजल की तस्करी किए जाने की सूचना लगातार मिल रही थी। इसी के आधार पर सैयदराजा थाना पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और डीजल कहां से लाया जा रहा था।
पांच अभियुक्त हिरासत में
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सीओ ने बताया कि अवैध डीजल कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ऐसे कारोबारियों पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद अवैध ईंधन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।