चंदौली में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे में पुलिस ने दबोचा, घर से बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

 

चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग बच्ची को घर से बाहर ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया था।

मामले में चकिया थाने में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, नाबालिग बच्ची अपने घर पर थी। इसी दौरान आरोपी मोहन प्रजापति पुत्र छेदी निवासी वार्ड नंबर-3, शमशेर नगर, कस्बा चकिया वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ बाहर ले गया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद आरोपी बच्ची को उसके घर के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजनों को घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना चकिया में मुकदमा अपराध संख्या 217/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5M/6 के तहत कार्रवाई की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए आरोपी को इंटर कॉलेज के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी घटना के 24 घंटे के भीतर की गई।

पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि 20 अगस्त 2026 को वह नाबालिग बच्ची को उसके घर से बाहर लेकर गया था। इसके बाद उसने बच्ची को ऑटो संख्या UP67BT6703 में बैठाया और मोहम्मदाबाद की ओर ले गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की और कुछ समय बाद उसे उसके घर के पास छोड़कर फरार होने की जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहन प्रजापति पुत्र छेदी, निवासी वार्ड नंबर-3 शमशेर नगर, थाना चकिया, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना चकिया में मुकदमा अपराध संख्या 217/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5M/6 में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अतुल कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।