चंदौली में एमएसपी पर धान खरीद तेज, केंद्र प्रभारियों को किसानों से सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश
चंदौली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद की प्रक्रिया जारी है। किसानों की उपज की खरीद के लिए जिले में कुल 147 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से विभिन्न क्रय एजेंसियां किसानों से निर्धारित सरकारी दर पर धान खरीद रही हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचकर शासन की योजना का लाभ उठाएं और बिचौलियों के माध्यम से धान बेचने से बचें।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए शासन की ओर से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त धान की सफाई एवं छनाई के मद में किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त धनराशि भी देय होगी। इस प्रकार किसानों को निर्धारित शर्तों के अनुसार कुल 2461 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि क्रय केंद्रों पर धान ले जाने से पहले उसकी अच्छी तरह सुखाई और सफाई करा लें। धान निर्धारित गुणवत्ता मानकों और अनुमन्य नमी सीमा के अनुरूप होना चाहिए, ताकि तौल एवं खरीद के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। अधिक नमी वाला अथवा गीला धान लेकर केंद्रों पर पहुंचने से किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
सरकारी क्रय केंद्रों पर एमएसपी का लाभ लेने के लिए किसानों का खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल Fcs.up.gov.in पर धान विक्रय के लिए पंजीयन अनिवार्य है। किसान इसके विकल्प के रूप में फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर भी अपनी उपज बेच सकते हैं। पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही किसान क्रय केंद्रों पर धान लेकर पहुंचें। विक्रय के समय पंजीयन प्रपत्र सहित आवश्यक अभिलेख साथ रखना भी जरूरी है।
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और सरकारी नियमों के अनुसार धान की खरीद की जाए। खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।