गुरु पूर्णिमा पर सैयदराजा गायत्री शक्तिपीठ में निःशुल्क पौधा वितरण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
चंदौली। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नवयुवक जन सेवा समिति की ओर से सैयदराजा स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में निःशुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर पौधे प्राप्त किए तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
समिति के अध्यक्ष अंकित जायसवाल ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं और बदलते पर्यावरणीय हालात में हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखकर बड़ा करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
समिति के प्रबंधक सुशील शर्मा ने बताया कि नवयुवक जन सेवा समिति वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में लगातार विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क पौधों का वितरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आम, जामुन, अमरूद, अनार, सागवान, नींबू, बेलपत्र, अशोक और अड़हुल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर रोहित जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, जितेंद्र जायसवाल, बच्चा बाबू सेठ, गायत्री शक्तिपीठ के पदाधिकारी, समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए समिति के इस अभियान की सराहना की।