गांधी जयंती पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी और शास्त्री को किया नमन, बोले- सत्य और अहिंसा का संदेश आज भी प्रासंगिक
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अपने कैम्प कार्यालय 7-कालिदास मार्ग पर दोनों महापुरुषों के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि गांधी जी का पूरा जीवन मानवता के लिए संदेश है और उनके विचार एवं जीवन दर्शन आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाया और साधारण जीवन जीते हुए असाधारण विचारों को देश-दुनिया के सामने रखा। उनके आदर्श राष्ट्र के कल्याण और प्रगति के लिए आज भी प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी को गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वदेशी वस्तुओं, खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को अधिक से अधिक अपनाने की अपील भी की।
वहीं, लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देकर देश के जवानों और किसानों के सम्मान को नई मजबूती दी। उनका सादगीपूर्ण जीवन आज भी सभी के लिए अनुकरणीय है। मौर्य ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचार राष्ट्र सेवा, सादगी और जनकल्याण की प्रेरणा देते रहेंगे।