बेटी के जन्मोत्सव पर पिता ने किया पौधरोपण, 19वीं बार रक्तदान कर दिया समाज को संदेश
चंदौली। बेटी के जन्मोत्सव को यादगार और समाज के लिए प्रेरणादायक बनाने की अनूठी पहल करते हुए जन सहयोग संस्था के सदस्य शमशाद अंसारी ने अपनी पुत्री अरीश इब्राहिम के दूसरे जन्मोत्सव पर गुरुवार को पौधरोपण किया और 19वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। यह कार्यक्रम गुरुकुल विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शमशाद अंसारी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलती है, जबकि रक्तदान से किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है। इसलिए वह अपनी बेटी के जन्मोत्सव पर हर वर्ष इन दोनों पुण्य कार्यों को करने का प्रयास करते हैं।
संस्था के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी ने कहा कि जन सहयोग संस्था के सदस्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर रक्तदान और पौधरोपण जैसी गतिविधियां समाज को सकारात्मक संदेश देती हैं तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए संस्था लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
अजीत सोनी ने बताया कि आगामी 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर संस्था की ओर से विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान भी किया गया।