शिक्षक दिवस पर गूंजा शिक्षा और संस्कार का संदेश, बच्चों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम

 

गोरखपुर (सहजनवा)। क्षेत्र पाली स्थित प्राथमिक विद्यालय पट्टी धर्मदास में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक सुशील कुमार मल्ल ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण करके किया। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए कविता प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में धीरज प्रजापति ने प्रथम तथा आयुष प्रजापति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं, छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर शिक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन का सर्वोत्तम वरदान है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के महत्व को समझने के साथ ही अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में चंद्रकला दूबे, कुसुम शुक्ला, गोपाल दूबे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।