NHM चुनाव में धांधली का आरोप! महिला कर्मचारी ने खोला मोर्चा, सीएमओ बोले- मेरे संज्ञान में नहीं हुआ कोई चुनाव
चंदौली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मियों के बीच गठित की जाने वाली जीआरसी कमेटी के चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सीएमओ कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी पूनम यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए धांधली और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
पूनम यादव का आरोप है कि जीआरसी कमेटी के गठन के लिए कराए गए चुनाव में सक्षम अधिकारी की अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं कराई गई। साथ ही विभाग के कुछ डॉक्टरों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।
महिला कर्मचारी का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी नहीं थी और इसमें कई स्तरों पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
एनएचएम संविदा कर्मियों के चुनाव में धांधली के आरोप सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। कर्मचारियों के बीच भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
वहीं, इस पूरे मामले पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने कहा कि ऐसा कोई चुनाव उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही सामने आएगी।
अब सभी की निगाहें संभावित जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि चुनाव प्रक्रिया में वास्तव में कोई अनियमितता हुई है या नहीं।