मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने सैयदराजा के बूथों का किया निरीक्षण
चंदौली। जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र 382-सैयदराजा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों की समीक्षा की। साथ ही युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में युवा मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले नेशनल इंटर कॉलेज, सैयदराजा स्थित बूथ संख्या 342, 343 और 344 का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों के संशोधन से संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाया जाए। पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीएम ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैंप सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत आयोजित युवा मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण एवं मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, बीएलओ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।