चंदौली में पत्रकारों को मिला नया संगठनात्मक नेतृत्व, मृत्युंजय सिंह बने द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष

वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह को जिला संरक्षक की जिम्मेदारी, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने के लिए संगठन चला रहा देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान
 

चंदौली। पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा को लेकर सक्रिय द जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने चंदौली में संगठन का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनय कुमार वर्मा की संस्तुति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश डी. यादव ने अनुभवी पत्रकार मृत्युंजय सिंह को चंदौली का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह को जिला संरक्षक बनाया गया है।

 

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनय कुमार वर्मा ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में जिले के पत्रकारों को एक मजबूत मंच मिलेगा और संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि द जर्नलिस्ट एसोसिएशन देश के विभिन्न राज्यों में पत्रकारों के अधिकारों और हितों के लिए काम कर रहा है। संगठन की प्रमुख मांगों में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा शामिल है। इसी उद्देश्य से देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकारों से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की जा रही है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा से जुड़े कानूनों की पहल हुई है। संगठन चाहता है कि इन राज्यों के कानूनी प्रावधानों और अनुभवों के आधार पर देश के अन्य राज्यों में भी प्रभावी कानून लागू किया जाए, जिससे पत्रकार बिना किसी भय या दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की अहम भूमिका है और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

नवनियुक्त जिला संरक्षक आनंद सिंह ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। मौजूदा समय में पत्रकार समुदाय के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। इनका सामना संगठित होकर ही किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में चंदौली में संगठन को मजबूती मिलेगी और पत्रकार हितों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर मृत्युंजय सिंह ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। जिले के सभी वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को एक मंच पर लाना, उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही वरिष्ठ पत्रकारों से विचार-विमर्श कर जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, ताकि संगठन की गतिविधियों को जिले के सभी क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सके।