सांसद दर्शना सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, मोथा चक्रवात से प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग

 

चंदौली। हाल ही में आए दैवीय प्रकोप मोथा चक्रवात से जनपद चंदौली के किसानों की फसलों को हुई भारी क्षति को लेकर राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज स्वीकृत करने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में सांसद ने लिखा है कि चक्रवात के कारण चंदौली जिले के अनेक गांवों में धान सहित अन्य खरीफ फसलों को गंभीर नुकसान पहुँचा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा किसानों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से जाना है।

सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि चंदौली जनपद को केंद्र सरकार द्वारा आकांक्षी जनपद के रूप में चिन्हित किया गया है और इसे पूर्वांचल का धान का कटोरा भी कहा जाता है। यहाँ की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है। ऐसी स्थिति में फसलों को हुए नुकसान से किसान परिवार आर्थिक संकट में हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि प्रभावित किसानों की कठिनाइयों का समुचित संज्ञान लेकर चंदौली जनपद के लिए विशेष राहत पैकेज स्वीकृत किया जाए, जिससे किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई में सहायता मिल सके।