चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा, महादेवपुर पुल से गिरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल

 

 

चंदौली। जनपद के एनएच-50 रिंग रोड स्थित महादेवपुर पुल पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल के ऊपर से नीचे गिर गई, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय चंदौली भेजा।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर घायल युवक के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल घायल युवक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।