धानापुर ब्लॉक परिसर में विधायक सुशील सिंह ने किया 2.76 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास
धानापुर (चंदौली)। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने रविवार को विकास खंड धानापुर परिसर में आयोजित एक समारोह के दौरान लगभग 2.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
लोक निर्माण विभाग, चंदौली द्वारा वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत यह सड़क हनुमान जी मंदिर से मिश्रान टोला होते हुए संपर्क मार्ग के रूप में विकसित की जाएगी। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 276.59 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। क्षेत्रवासियों का मानना है कि सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और विकास को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारशिला होती हैं। इस संपर्क मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को भी बल मिलेगा।
विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, सुमन्त दास सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सड़क बनने से आसपास के गांवों के लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए जनता का आभार व्यक्त किया।