लो वोल्टेज की समस्या से मिली राहत, विधायक रमेश जायसवाल ने 250 केवीए ट्रांसफार्मर का किया उद्घाटन

 

चन्दौली। नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड संख्या-7 पथरा भाग-2 क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने क्षेत्र में स्थापित 250 केवीए क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि जायसवाल स्कूल के आसपास स्थित पराहुपुर और विकास नगर क्षेत्र के लोग लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे थे। ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान न मिलने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। उन्होंने बताया कि उनके प्रयास से ट्रांसफार्मर लगाने के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद आज इसका उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की गई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नए ट्रांसफार्मर के संचालन से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और लो वोल्टेज की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी।

कार्यक्रम में विद्युत विभाग के एसडीओ, अवर अभियंता, पूर्व सभासद डब्बू कन्नौजिया, वर्तमान सभासद अमित खरवार, संतोष मिश्रा, छोटू जायसवाल तथा विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।