चंदौली में मिशन शक्ति 6.0 का आयोजन, खिलाड़ियों से लेकर महिला पुलिसकर्मियों तक को मिला सम्मान
चंदौली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति 6.0 के तहत मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को महिला सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, बालिकाओं, खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़ी प्रतिनिधियों और महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने सहभागिता की। अतिथियों ने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
समारोह के दौरान बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमन देवी और अंजू देवी को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एथलेटिक्स की मनीषा राय, कुश्ती की संगीता, वंदना और संध्या, भारोत्तोलन की मानसी यादव एवं साहिब खान तथा कबड्डी की निकिता और स्मृति सोनकर को सम्मान मिला।
वहीं, सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सोनी, शहाना, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान, चंदौली की शहनाज तथा ग्राम्य संस्थान, नौगढ़ की बिंदु सिंह को सम्मानित किया गया। मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने वाली महिला मुख्य आरक्षी शशि किरन राय, थाना मुगलसराय, और महिला आरक्षी अनामिका, थाना बलुआ को भी सम्मानित किया गया।
महिला सुरक्षा के लिए जागरूकता और सहायता पर जोर
मिशन शक्ति 6.0 के तहत जिले के विभिन्न थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस टीमों तथा एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से बचाव, सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
महिला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए थानों में संचालित महिला हेल्प डेस्क को महिला सुरक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल भी की गई है। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को परामर्श, मार्गदर्शन और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
इसके साथ ही महिला वालंटियर फोर्स (एमवीएफ) के विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसमें डॉक्टरों, अधिवक्ताओं, शिक्षिकाओं और समाजसेवियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को जोड़कर पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की योजना है।
पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय कुमार राय, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चंदौली पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति 6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना है। अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने और समाज में उनके आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।