चंदौली में मंत्री डॉ. संजय निषाद का बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, पीड़ितों को मिली राहत सामग्री
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शनिवार को जनपद चंदौली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास खंड धानापुर, सदर और नियामताबाद के कई गांवों का भ्रमण कर पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री जी ने चाहनिया के नादी निधौरा, सदर के चुरमुरी, नियुरा, जलखोर सहित पांच बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया।
उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर हालचाल जाना और अशोक इंटर कॉलेज परिसर में राहत सामग्री का वितरण किया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को खाने-पीने की वस्तुओं, दवाओं और पशुओं के चारे-पानी की किसी भी प्रकार की कमी न हो। साथ ही पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने का भी निर्देश दिया।
बेघर परिवारों को मिलेगा आवास
डॉ. निषाद ने कहा कि बाढ़ में जिनके कच्चे मकान ढह गए हैं, उन्हें चिन्हित कर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बिना किसी भेदभाव के हर पीड़ित परिवार की मदद करेगी।
मछुआ समाज के लिए विशेष योजनाएं
मंत्री ने बताया कि सरकार ने मछुआ समाज के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और बेटियों की शादी के लिए विशेष योजनाएं लागू की हैं।
हाईस्कूल शिक्षा के लिए ₹10,000
इंटरमीडिएट के लिए ₹20,000
ग्रेजुएशन के लिए ₹30,000
उच्च शिक्षा के लिए ₹50,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
बेटियों की शादी के लिए ₹1 लाख की सहायता।
आयुष्मान हेल्थ कार्ड के जरिए ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध।
डॉ. निषाद ने कहा इस आपदा की घड़ी में सरकार और जिला प्रशासन हर कदम पर आपके साथ खड़ा है। हम सभी मिलकर पीड़ितों की सहायता करेंगे और किसी भी परिवार को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, एसडीएम सकलडीहा कुंदन राज कपूर, खंड विकास अधिकारी चहनिया राजेश नायक, एसडीएम सदर दिव्या ओझा, नायब तहसीलदार राजेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।