किसानों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश, कृषि विज्ञान केंद्र में वन महोत्सव का आयोजन
चंदौली। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज (अयोध्या) द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), चंदौली में वन महोत्सव एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति एवं मुख्य अतिथि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वृक्षारोपण करके किया।
अपने संबोधन में कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान यदि स्वयं प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त बीज तैयार करेंगे तो उत्पादन लागत में कमी आएगी, बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध होंगे तथा उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी सहयोग से सहभागी मॉडल (पार्टिसिपेटरी मोड) पर बीज उत्पादन को बढ़ावा देने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया और प्राकृतिक खेती से जुड़ी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने जीवामृत, घनजीवामृत, ब्रह्मास्त्र एवं अग्नास्त्र जैसे जैविक आदानों के निर्माण एवं प्रदर्शन को बढ़ावा देने, बीज उत्पादन कार्यक्रमों का विस्तार करने तथा फलदार एवं वानिकी पौधों की नर्सरी को सुदृढ़ कर किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशक डॉ. राम बटुक सिंह ने विश्वविद्यालय के अधीन संचालित 25 कृषि विज्ञान केंद्रों की प्रमुख उपलब्धियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को उन्नत बीज, फलदार एवं वानिकी पौधों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने केंद्र द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अग्रिम पंक्ति प्रदर्शनों, प्राकृतिक खेती, बीज उत्पादन एवं कृषि प्रसार गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र किसानों तक नवीन तकनीकों का प्रसार कर उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी, इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला उद्यान अधिकारी, उपनिदेशक कृषि सहित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अभयदीप गौतम, डॉ. अमित सिंह, डॉ. प्रतीक सिंह एवं मनीष सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्र के कर्मचारी मनीष कुमार, आजाद, अविनाश वर्मा एवं राघव राम तथा 105 प्रगतिशील किसानों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंदन सिंह, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली ने किया।