चंदौली में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप, 50 बच्चों की हुई जांच
चंदौली। समेकित शिक्षा के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांगता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को नगर पंचायत स्थित पीएम श्री विद्यालय परिसर में मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। कैंप में चिकित्सकों की टीम ने करीब 50 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की।
कैंप के दौरान बच्चों की शारीरिक और मानसिक स्थिति के साथ दृष्टि संबंधी समस्याओं की भी जांच की गई। चिकित्सकों ने विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता से संबंधित प्रमाणपत्रों के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों के अनुसार, प्रमाणपत्र मिलने से बच्चों को शिक्षा के साथ शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
ऑर्थोपेडिक्स चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल असेसमेंट कैंप का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में दिव्यांगता की सही पहचान कर उन्हें आवश्यक प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
नेत्र सर्जन डॉ. संचिता अग्रवाल ने बच्चों की आंखों की जांच की। उन्होंने कहा कि दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार से बच्चों की शिक्षा तथा दैनिक गतिविधियों में काफी मदद मिल सकती है। जांच के बाद जरूरत के अनुसार बच्चों और उनके अभिभावकों को परामर्श भी दिया गया।
क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट अजय कुमार समेत चिकित्सकीय टीम ने बच्चों का परीक्षण किया। कैंप में स्पेशल एजुकेटर सुरेंद्र, नंदलाल, संजय पटेल, ओम प्रकाश, वासुदेव शर्मा, अनुराधा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों के मुताबिक, ऐसे कैंपों का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक परामर्श और दिव्यांगता प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध कराना है।