चंदौली में सपा नेता मनोज सिंह डब्लू हाउस अरेस्ट, अमड़ा पावर हाउस घेराव से पहले पुलिस ने रोका
चंदौली।चंदौली में सोमवार को उस समय राजनीतिक माहौल गर्म हो गया, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को पुलिस ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया।
पुलिस की यह कार्रवाई उस समय हुई, जब पूर्व विधायक अपने समर्थकों और किसानों के साथ बिजली कटौती, लगातार ट्रिपिंग और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अमड़ा पावर हाउस का घेराव करने की तैयारी में थे।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क था। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने पूर्व विधायक के आवास पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।
मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।
पुलिस कार्रवाई पर भड़के मनोज सिंह डब्लू
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद मनोज सिंह डब्लू ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि "पुलिस के बल पर गुंडागर्दी नहीं चलेगी। जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। पुलिस मुझे अमड़ा पावर हाउस जाने से नहीं रोक सकती।"
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली संकट और किसानों की समस्याओं पर आवाज उठाने वालों को प्रशासन दबाने का प्रयास कर रहा है।
बिजली संकट को लेकर प्रदर्शन की तैयारी
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और किसानों को सिंचाई में हो रही दिक्कतों के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और किसानों द्वारा अमड़ा पावर हाउस का घेराव प्रस्तावित था। इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कार्रवाई की।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।