मानिकपुर ग्राम सभा में विकास कार्यों का लिया गया जायजा, सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

मानिकपुर ग्राम सभा में विकास कार्यों का लेखा-जोखा, पंचायत प्रशासन ने साझा की प्रगति
 
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का प्रयास जारी: प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू कुमार राम

 

चंदौली। सदर विकास खंड अंतर्गत मानिकपुर ग्राम सभा में विकास कार्यों और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान लाइव भारत न्यूज़ के जिला संवाददाता चंदन सिंह ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि (प्रधान पति) गुड्डू कुमार राम से बातचीत कर ग्राम पंचायत में संचालित विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, राशन वितरण तथा अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू कुमार राम ने बताया कि मानिकपुर ग्राम सभा की कुल आबादी लगभग 3,000 है, जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 1,340 है। गांव में अनुसूचित जाति, मुस्लिम, क्षत्रिय एवं श्रीवास्तव समाज सहित विभिन्न वर्गों के लोग आपसी सौहार्द के साथ निवास करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में उनकी पत्नी 65 मतों के अंतर से विजयी हुई थीं। उन्हें 265 मत प्राप्त हुए थे, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी रीना देवी रहीं।

उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में लगभग 350 मनरेगा जॉब कार्ड बनाए गए हैं, हालांकि अब तक मनरेगा के तहत कोई कार्य स्वीकृत नहीं हुआ है। ग्राम पंचायत का पांच वर्षीय कुल बजट लगभग 15 लाख रुपये है।

राशन व्यवस्था के संबंध में उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में लगभग 70 अंत्योदय कार्ड तथा 300 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवार हैं, जिन्हें नियमित रूप से सरकारी खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाएं और आयुष्मान योजना का लाभ

प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि ग्राम सभा में आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर उनके निजी भवन में संचालित हो रहा है। यहां स्वास्थ्यकर्मी सीमा देवी प्रतिदिन उपस्थित होकर मानिकपुर एवं आसपास के गांवों के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करती हैं तथा आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराती हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 10 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। वहीं अधिकांश पात्र परिवारों के आयुष्मान भारत कार्ड बन चुके हैं तथा शेष पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी है।

शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों की स्थिति

शिक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में दो प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें एक मानिकपुर तथा दूसरा नसीरपुर में स्थित है। नसीरपुर प्राथमिक विद्यालय का भवन जर्जर हो चुका है, जिसके स्थान पर नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।

वहीं मानिकपुर प्राथमिक विद्यालय में दिव्यांग शौचालय, टाइल्स, डेस्क-बेंच और स्वच्छ पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार कराया जाता है तथा बच्चों को भोजन परोसने से पहले शिक्षक उसकी गुणवत्ता की जांच करते हैं।

पंचायत प्रशासन और विकास कार्य

प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि ग्राम पंचायत के मिनी सचिवालय में पंचायत सहायक आरती कुमारी प्रतिदिन अपनी सेवाएं देती हैं। वहीं ग्राम सचिव अश्वनी सिंह प्रत्येक माह दो से तीन दिन पंचायत में बैठक कर ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हैं।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में वर्तमान समय में विवादित भूमि या रास्ते जैसी कोई बड़ी समस्या नहीं है। पंचायत का प्रयास है कि पात्र लोगों तक सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचे और गांव के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किए जाएं।