प्रेम प्रसंग और बेइज्जती बनी हत्या की वजह, चकिया में युवक की गर्दन काटकर हत्या का 36 घंटे में खुलासा

प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे आरोपी ने सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए रची साजिश, कुल्हाड़ी से वार कर की थी हत्या
 
 

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया कला गांव में युवक की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, सामाजिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक बेइज्जती का विवाद मुख्य कारण था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 की रात जोगिया कला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34) की उनके घर के बाहर चारपाई पर सोते समय धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर चकिया कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी और गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। कुछ दिन पहले हुए झगड़े के बाद मृतक की पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी।

पुलिस के मुताबिक पत्नी के जाने के बाद मृतक गांव में आरोपी और उसकी कथित प्रेम कहानी की चर्चा करने लगा था। आगामी ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी कर रहे आरोपी सुनील यादव को यह बात अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा के खिलाफ लगी। लगातार हो रही चर्चा और सार्वजनिक अपमान से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रच डाली।

योजना के तहत आरोपी ने 5 जून को अहिरौरा बाजार से एक धारदार कुल्हाड़ी खरीदी। उसी रात गांव में सन्नाटा होने के बाद वह मृतक के घर पहुंचा और चारपाई पर सो रहे बृजेश यादव की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शोर न मचे, इसके लिए आरोपी ने मृतक के मुंह में गमछा भी ठूंस दिया था।

हत्या के बाद आरोपी कुल्हाड़ी को अपने खेत में छिपाकर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर 7 जून की शाम मोकरम बंधी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मामले का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।