Chandauli News: लवकुश हत्याकांड में नया खुलासा! चाकू ऑनलाइन किसने मंगाया? परिजनों ने उठाए बड़े सवाल, एसपी से मांगी निष्पक्ष जांच

चंदौली के लवकुश यादव हत्याकांड में नया मोड़ आया है। परिजनों ने हत्या के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच और अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।

 

 

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के छात्र लवकुश यादव हत्याकांड का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मृतक छात्र के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हत्या के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि हत्या के आरोप में एक नाबालिग छात्र को निरुद्ध किया गया है, लेकिन घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू आरोपी छात्र ने ऑनलाइन मंगाया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि ऑर्डर किस मोबाइल फोन और किसकी मदद से किया गया।

मृतक छात्र के भाई दीपक यादव ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल एक आरोपी को पकड़ लेने से पूरे घटनाक्रम का खुलासा नहीं हो जाता और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए।

परिजनों ने आदर्श इंटर कॉलेज की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जिस दिन घटना हुई, उस दिन कॉलेज बंद था, फिर भी कोचिंग संचालित की जा रही थी। उन्होंने पूछा कि आखिर किसके आदेश पर कोचिंग चलाई जा रही थी और इसकी जिम्मेदारी किसकी है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सहपाठी नाबालिग छात्र ने चाकू से गोदकर 16 वर्षीय लवकुश यादव की हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। हालांकि अब मृतक के परिजन मामले में व्यापक जांच और अन्य संभावित आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।