धानापुर बाजार में घर को बनाया निशाना, दो लाख नकदी समेत लाखों के गहने चोरी
चंदौली। धानापुर कस्बे के मुख्य बाजार में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सोमवार रात चोर छत के रास्ते स्वर्गीय जितेंद्र सेठ के मकान में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर में जितेंद्र सेठ के बेटे और बेटी सो रहे थे। मंगलवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे जितेंद्र सेठ की बेटी मुस्कान की नजर टूटी हुई अलमारी और कमरे में बिखरे सामान पर पड़ी। जांच करने पर अलमारी में रखे दो लाख रुपये नकद, तीन सोने के लॉकेट वाला मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां और सोने के दो जोड़ी कान के झुमने गायब मिले। चोरी हुए नकदी और आभूषणों की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
बताया जाता है कि कुछ महीने पहले ही जितेंद्र सेठ का निधन हुआ था। परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि चोरी की घटना ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। जितेंद्र सेठ के बेटे आशुतोष उर्फ कान्हा ने पुलिस से चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, मुख्य बाजार में हुई इस चोरी से स्थानीय कारोबारियों और नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
गौरतलब है कि पिछले सोमवार को भी धानापुर बाजार में एक महिला के बैग से दिनदहाड़े 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी गायब होने की घटना सामने आई थी। उस मामले का भी अभी खुलासा नहीं हो सका है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। उन्होंने जल्द ही मामलों का खुलासा करने की बात कही।