शादी समारोह में जेवर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार!
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर शादी समारोह के दौरान हुई जेवर चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सकलडीहा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी पिंकी यादव अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए सैयदराजा थाना क्षेत्र के परेवा गांव आई थीं। इसी दौरान उनके बैग से सोने की सिकड़ी, मांगटीका और चांदी की बिछिया चोरी हो गई। पीड़िता की तहरीर पर सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 स्थित बरठी कमरौर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी अभिजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। तलाशी के दौरान चोरी की एक सोने की सिकड़ी, एक सोने का मांगटीका और तीन चांदी की बिछिया बरामद हुई।
₹5 हजार का लालच देकर कराई गई चोरी
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी और उसके साथी ने एक बाल अपचारी को ₹5,000 का लालच देकर अपनी मौसी के बैग से जेवर चोरी कराने की योजना बनाई थी। बाल अपचारी ने चोरी के बाद सभी गहने आरोपियों को सौंप दिए थे। आरोपी चोरी के आभूषणों को दूसरे जिले में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और यदि अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।