जमनिया मोड़ पर दो हाईवा की भीषण टक्कर, चालक केबिन में फंसा, आधे घंटे चला रेस्क्यू
चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित जमनिया मोड़ पर दो हाईवा वाहनों की भीषण टक्कर में चालक उमेश यादव केबिन में फंस गया। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल चालक को बाहर निकाला।
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के जमनिया मोड़ के समीप मंगलवार को दो हाईवा वाहनों के बीच हुई भीषण टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि एक हाईवा का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के प्रभाव से वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उमेश यादव केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और एनएचएआई की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। क्रेन और जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया, जिसके बाद चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।