दवा कारोबारियों की कार्यशाला में उठे लाइसेंस, जांच और जनऔषधि केंद्रों के मुद्दे

 

सैयदराजा। कस्बे में रविवार की रात दवा व्यापारी सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान दवा कारोबारियों ने लाइसेंस प्रक्रिया, मेडिकल स्टोरों की जांच, प्राइवेट अस्पतालों में दवाओं के निर्धारण और जनऔषधि केंद्रों के संचालन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौर में दवा व्यापारियों ने लोगों तक आवश्यक दवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी को लाइसेंस बनवाने या कारोबार से संबंधित किसी कार्य में अधिकारियों की ओर से अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है तो वह इसकी जानकारी उन्हें दे सकता है। उन्होंने व्यापारियों को आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

सम्मेलन में कारोबारियों ने प्राइवेट अस्पतालों में कथित रूप से निर्धारित दवाएं लिखे जाने और उनकी गुणवत्ता से जुड़े सवाल भी उठाए।

व्यापारियों ने जनऔषधि योजना के संचालन में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर योजना के नाम पर सामान्य जेनेरिक दवाओं की बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। इसके अलावा मेडिकल स्टोरों पर जांच के दौरान अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की समस्या भी रखी गई।

कार्यक्रम के दौरान दवा विक्रेता समिति ने संगठन को मजबूत करने और कारोबारियों की समस्याओं को एकजुट होकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने पर जोर दिया। सम्मेलन में जयप्रकाश मौर्य, नवनीत सिंह, विकास सिंह, आशुतोष गुप्ता, एकलाख अंसारी और अंकित जायसवाल समेत समिति के अन्य पदाधिकारी एवं दवा कारोबारी मौजूद रहे।