खरखोलिया ग्राम पंचायत में इंटरलॉकिंग व साइडवॉल कार्य का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिली राहत

 

चंदौली। जनपद के धानापुर विकासखंड अंतर्गत खरखोलिया ग्राम पंचायत में लंबे समय से खराब मार्ग की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिल गई है। मुख्य मार्ग से वीरेंद्र कुशवाहा के घर तक इंटरलॉकिंग और साइडवॉल निर्माण कार्य का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह द्वारा किया गया।

ग्रामवासियों को काफी समय से आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़ जमा हो जाने से स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता था। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक प्रमुख ने इंटरलॉकिंग और साइडवॉल निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी।

उद्घाटन के दौरान ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि धानापुर ब्लॉक का सर्वांगीण विकास उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के हर न्याय पंचायत में बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित करने और जर्जर सड़कों के सुधार का कार्य तेजी से किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस मौके पर पूर्व प्रधान सूबेदार सिंह, वर्तमान प्रधान राजेश सिंह, अभिषेक पाण्डेय, लक्ष्मण यादव, संतोष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।