रेशम उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता: राकेश सचान
चंदौली। प्रदेश में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने और इससे जुड़े किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए सरकार ने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया है। खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के बाद ही अगली किस्त की धनराशि जारी की जाए। उन्होंने कहा कि रेशम कृषकों की आय में निरंतर वृद्धि करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री राकेश सचान सोमवार को डालीबाग स्थित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी भवन सभागार में रेशम विभाग की विभिन्न योजनाओं, कृषक प्रशिक्षण और विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शहतूत वृक्षारोपण, कीटपालन गृह निर्माण और उपकरण वितरण से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन होने के बाद ही संबंधित लाभार्थियों को अगली किस्त जारी की जाए, ताकि योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे और वित्तीय अनियमितताओं की संभावना समाप्त हो।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना, सिल्क समग्र-2 और राज्य कृषि विकास योजना (एसएडीपी) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में उत्पादित होने वाली सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस (एमएसपी) लागू किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के 16 जनपदों में कोया मंडियों की स्थापना से रेशम किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में आर्थिक लाभ मिल रहा है।
कोया मंडियों की स्थापना वाले जनपदों में बहराइच, गोंडा, लखीमपुर, सीतापुर, कुशीनगर, बस्ती, गोरखपुर, औरैया, मेरठ, सहारनपुर, सोनभद्र, झांसी, फतेहपुर, कानपुर नगर, वाराणसी और पीलीभीत शामिल हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि प्रदेश में अब तक 275 प्राथमिक रेशम सहकारी समितियों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें से 25 समितियों के जन सुविधा केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, रेशम उत्पादन के बाद की प्रक्रियाओं (पोस्ट-ककून तकनीक) को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्रीय रेशम बोर्ड के सहयोग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। उन्होंने राज्यीय और अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रेशम क्षेत्र के वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं अनुभवी विशेषज्ञों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिल सके और रेशम उत्पादन में वृद्धि हो।
इसके अलावा मंत्री ने रेशम उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन और उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भव्य सिल्क एक्सपो आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेशम क्षेत्र से जुड़े किसानों और कारीगरों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए विभागीय अधिकारी प्रभावी ढंग से कार्य करें।
बैठक में अपर मुख्य सचिव रेशम बीएल मीणा, निदेशक रेशम आनंद कुमार शुक्ला सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।