चंदौली में एसपी आकाश पटेल ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 26 प्रार्थना पत्रों पर दिए कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, लापरवाही न बरतने की हिदायत
 

चंदौली। आमजन की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए सोमवार को पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में जनता दर्शन (जनसुनवाई) का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को एसपी ने गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई में कुल 26 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की समस्या सुनते हुए संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने प्राप्त शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि पीड़ितों को न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कार्यालय और थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शिष्टता, संवेदनशीलता और विनम्रता से पेश आया जाए। शिकायतों को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार प्रभावी विधिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निस्तारण कर उसकी आख्या उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा और फीडबैक पर भी जोर दिया, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।