चंदौली में मनरेगा कर्मचारियों की हुंकार, मांगें पूरी नहीं हुईं तो जारी रहेगा कार्य बहिष्कार
चंदौली। मनरेगा के विभिन्न संवर्गों में कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर बी-जी राम जी कार्मिक कल्याण संगठन उत्तर प्रदेश से जुड़े संगठनों ने आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार का ऐलान करते हुए ग्राम रोजगार सेवकों की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन को भी समर्थन दिया है।
इस संबंध में संगठन की ओर से 27 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक, मुख्य विकास अधिकारी तथा उपायुक्त (श्रम रोजगार) को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी लंबित समस्याओं और मांगों से प्रशासन को अवगत कराया।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उच्च स्तर से सभी मनरेगा कार्मिकों के मानदेय में समान रूप से वृद्धि और लंबित मानव संसाधन नीति के निर्धारण को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संबंधित कर्मचारी कार्य से विरत रहेंगे। संगठन का कहना है कि लंबे समय से मांगें लंबित रहने के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है।
संगठन की प्रमुख मांगों में सभी मनरेगा कार्मिकों को समान एवं सम्मानजनक मानदेय देना, मानव संसाधन नीति निर्धारित करना, सामाजिक सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना शामिल है।
इस संयुक्त संगठन में ग्राम रोजगार सेवक संघ, मनरेगा कार्मिक कल्याण संगठन, मनरेगा इंजीनियर्स एसोसिएशन, कंप्यूटर ऑपरेटर (मनरेगा) वेलफेयर एसोसिएशन, खंड मनरेगा लेखा सहायक संघ और तकनीकी सहायक इंजीनियर्स एसोसिएशन सहित कई संगठन शामिल हैं। यह संगठन राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश से संबद्ध है।
इस दौरान एपीओ राजन सिंह, एपीओ आशीष सिंह, रोजगार सेवक कन्हैया यादव, तकनीकी सहायक राम अवतार यादव, लेखा सहायक अभिनव सिंह और कंप्यूटर ऑपरेटर नवनीत उपाध्याय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।