प्याज की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 70 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

 

 चंदौली। चंदौली जनपद के थाना सैयदराजा क्षेत्र में पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे बेहद शातिर तरीके से प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि एनएच-19 हाईवे के रास्ते एक संदिग्ध ट्रक मध्य प्रदेश से बिहार की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जेठमलपुर तिराहा पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में ट्रक में ऊपर से प्याज की बोरियां लदी दिखाई दीं, जिससे पहली नजर में यह सामान्य मालवाहक वाहन लगा। लेकिन पुलिस को शक होने पर जब बोरियों को हटाकर गहराई से जांच की गई तो उनके बीच छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस ने ट्रक से कुल 407 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 3654.36 लीटर आंकी गई है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है।मौके से पुलिस ने ट्रक चालक हरिओम धाकड़ (38 वर्ष), निवासी ग्राम कोटा, थाना कोतवाली देहात, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इस शराब की खेप को मध्य प्रदेश से बिहार के दरभंगा पहुंचाने के लिए ले जा रहा था।

यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा की टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि मार्च 2026 में अब तक जनपद में कुल 27,000 लीटर अवैध शराब बरामद की जा चुकी है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।